Trending :
November 3, 2026
देश की खबरें

25 जनवरी 2027 से शुरू होगी जनगणना की प्रक्रिया, 10 जनवरी से मिलेगी ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा; छत्तीसगढ़ भी होगा शामिल

नई दिल्ली। देश में जनगणना 2027 को लेकर केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण तारीखों का ऐलान कर दिया है। जारी अधिसूचना के अनुसार, देश के अधिकांश राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में जनसंख्या गणना का कार्य 25 जनवरी 2027 से शुरू होकर 28 फरवरी 2027 तक चलेगा। इससे पहले 10 जनवरी से 24 जनवरी 2027 तक लोगों को ऑनलाइन स्व-गणना (Self Enumeration) का विकल्प दिया जाएगा।

केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, जनगणना के लिए 1 मार्च 2027 की रात 12 बजे को संदर्भ तिथि (Reference Date) निर्धारित किया गया है। वहीं, जनगणना की प्रक्रिया के बाद 1 मार्च से 5 मार्च 2027 तक पुनरीक्षण चरण (Revisional Round) भी आयोजित किया जाएगा।

file_000000002b088208bc597b1a35260394
previous arrow
next arrow
IMG-20261101-WA0007
previous arrow
next arrow

ऑनलाइन खुद दर्ज कर सकेंगे परिवार की जानकारी

इस बार जनगणना में नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा भी मिलेगी। इसके तहत निर्धारित अवधि में परिवार के सदस्य ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार से जुड़ी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद घर-घर जाकर जनगणना करने की प्रक्रिया संचालित होगी।

कुछ राज्यों में अलग रहेगा जनगणना का कार्यक्रम

अधिसूचना के अनुसार, चुनावी परिस्थितियों के कारण उत्तर प्रदेश, पंजाब, गोवा, उत्तराखंड और मणिपुर में निर्धारित कार्यक्रम से अलग व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा लद्दाख तथा हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के बर्फबारी से प्रभावित गैर-समकालिक क्षेत्रों के लिए भी अलग कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।

छत्तीसगढ़ में भी होगी जनसंख्या गणना

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार छत्तीसगढ़ में भी 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक जनसंख्या गणना की प्रक्रिया संचालित होगी। इससे प्रदेश के प्रत्येक परिवार और नागरिक से संबंधित जनसांख्यिकीय आंकड़े जुटाने का काम किया जाएगा।

गौरतलब है कि जनगणना 2027 दो चरणों में आयोजित की जा रही है। पहले चरण में अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (House Listing and Housing Census) का कार्य किया गया है। अब दूसरे चरण में जनसंख्या गणना के तहत नागरिकों से संबंधित विस्तृत जानकारी एकत्रित की जाएगी।

जनगणना के आंकड़े देश और प्रदेश की विकास योजनाओं, सरकारी नीतियों तथा भविष्य की योजनाओं के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

News 365 days Chhattisgarh

News 365 Days Chhattisgarh — छत्तीसगढ़ की स्थानीय खबरें, जनसमस्याएँ, राजनीति, अपराध, शिक्षा और जनहित से जुड़ी खबरों का विश्वसनीय मंच। खबरें ताजा, खबरें असरदार।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *