छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कांग्रेसजनों ने मनाया राज्य स्थापना दिवस
पाटन। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नगर कांग्रेस कमेटी, पाटन द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित कर प्रदेश का स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान कांग्रेसजनों ने एसडीएम कार्यालय के समीप स्थित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेसजनों ने छत्तीसगढ़ महतारी के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए प्रदेश के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक धरोहर को याद किया। इस अवसर पर उन्होंने छत्तीसगढ़ की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को बनाए रखने का संकल्प लेते हुए प्रदेश की निरंतर प्रगति, खुशहाली और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर नगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए छत्तीसगढ़ के गौरव और अस्मिता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संदेश दिया।







